तीन दिवसीय जनकल्याण कार्यक्रम का समापन, लाभार्थियों को मिले प्रमाण-पत्र व नियुक्ति पत्र
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड शोहरतगढ़ परिसर में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण कार्यक्रम का मंगलवार को समापन हो गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को उनसे जोड़ने पर बल दिया।
मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि सूर्य प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच सुनिश्चित हुई है।
प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्रा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थनगर आकांक्षी जनपद के रूप में तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
मंडल अध्यक्ष शिवशक्ति शर्मा ने कहा कि जनकल्याण शिविर आमजन और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इससे लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी और लाभ प्राप्त हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन कर गर्भवती महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं, *‘एक पेड़ मां के नाम’* अभियान के तहत विकास खंड परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, महिला सशक्तिकरण, पूर्ति एवं विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। खाद्य एवं रसद विभाग तथा बाल विकास परियोजना विभाग की ओर से भी कई लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सचिव राम सिंह ने किया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी चंद्रभूषण तिवारी, एडीओ पंचायत संजय पटेल, एपीओ अरुण कुशवाहा, एडीओ समाज कल्याण प्रमोद कुमार, पूर्ति निरीक्षक सतीश चंद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्टर : सुशील कुमार
No Previous Comments found.