कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से निकला मुहर्रम का जुलूस, अखाड़ों में दिखे पारंपरिक करतब
सिद्धार्थ नगर : तहसील शोहरतगढ़ अंतर्गत कस्बा शोहरतगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को मुहर्रम का पर्व कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। ताजिया जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। अखाड़ों में युवाओं ने लाठी, डंडा और तलवारबाजी के हैरतअंगेज पारंपरिक करतब दिखाए, जिन्हें देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भीड़ उमड़ी रही।सहाबू उस्ताद के घर से अखाड़ा जुलूस शुरू होकर मस्जिद गली, धुनिया मोहल्ला, सुरहिया मोहल्ला, गोलघर, डॉ. अंसारी गली समेत विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए रमजान गली तिराहे पर पहुंचा। यहां शोहरतगढ़ और नीबी दोहनी के ताजियों का पारंपरिक मिलान कराया गया। इसके बाद नीबी दोहनी का ताजिया नौरंगा स्थित कर्बला और शोहरतगढ़ का ताजिया गोरहवा स्थित कर्बला के लिए रवाना हुआ।जुलूस के दौरान धार्मिक नग्मों की धुन पर अखाड़ों के खिलाड़ियों ने अपने पारंपरिक कौशल का प्रदर्शन किया। पूरे मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ लगातार भ्रमण करते रहे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। देर शाम ताजियों के कर्बला पहुंचने के साथ ही मुहर्रम का आयोजन सकुशल सम्पन्न हो गया।जामा मस्जिद के सदर अल्ताफ हुसैन ने कहा कि प्रशासन, पुलिस और आम लोगों के सहयोग से मुहर्रम का पर्व पूरी शांति और भाईचारे के साथ सम्पन्न हुआ। चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने कहा कि शोहरतगढ़ की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल एक बार फिर देखने को मिली। वहीं डॉ. सरफराज अंसारी ने शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन, पुलिस और सभी समुदायों के लोगों का आभार व्यक्त किया।
मुहर्रम का महत्वमुहर्रम इस्लामी वर्ष का पहला महीना है। आशूरा के दिन कर्बला की जंग में हजरत इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों ने इंसानियत और सत्य की रक्षा के लिए शहादत दी थी। उनकी याद में मुस्लिम समुदाय मुहर्रम मनाकर श्रद्धांजलि अर्पित करता है।मुहर्रम जुलूस के दौरान एडीएम गौरव श्रीवास्तव, एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद, एसडीएम करमेन्द्र कुमार, सीओ मयंक द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह, नायब तहसीलदार माधुर्य यादव सहित प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
रिपोर्टर : सुशील कुमार
No Previous Comments found.