आर्थिक तंगी भी नहीं रोक सकी उड़ान, सिद्धार्थनगर के आनंद ने NEET में पाई ऑल इंडिया रैंक 2163

 सिद्धार्थनगर : शोहरतगढ़ तहसील अंतर्गत थाना चिल्हिया क्षेत्र के एक साधारण परिवार के बेटे ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता का परचम लहराया है। विस्डम वे इंटर कॉलेज, शिवनगर उदयराजगंज के छात्र आनंद चौहान ने NEET-UG परीक्षा में 99.89 पर्सेंटाइल हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 2163 प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे जिले में खुशी का माहौल है।मूल रूप से धुसरी बुजुर्ग गांव निवासी आनंद चौहान के पिता वाहन चालक हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। सीमित आय और संसाधनों के बावजूद परिवार ने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। आनंद ने नियमित सेल्फ स्टडी, ऑनलाइन कोचिंग और अनुशासित तैयारी के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और निरंतर मेहनत को दिया।आनंद ने प्राथमिक शिक्षा गांव के निजी विद्यालय से प्राप्त करने के बाद कक्षा चार से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई विस्डम वे इंटर कॉलेज से पूरी की। विद्यालय में अध्ययन के दौरान ही उन्होंने डॉक्टर बनने का सपना देखा और उसी लक्ष्य को सामने रखकर तैयारी शुरू कर दी। पहली ही कोशिश में मिली इस बड़ी सफलता ने उनके सपनों को नई उड़ान दे दी।आनंद तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं। बड़ा भाई दिल्ली में निजी नौकरी करता है, जबकि दूसरा भाई एक फैक्ट्री में कार्यरत है। परिवार के सभी सदस्यों ने उनकी पढ़ाई में हरसंभव सहयोग किया। आनंद की सफलता पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें स्मृति-चिह्न और उपहार देकर सम्मानित किया गया।विद्यालय के प्रबंधक संजय कुमार सिंह ने कहा कि आनंद की सफलता इस बात का प्रमाण है कि मजबूत इरादों और कड़ी मेहनत के सामने आर्थिक अभाव भी बाधा नहीं बन सकते। उन्होंने कहा कि आनंद की उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।इस अवसर पर प्रधानाचार्य रूप नारायण सिंह, प्रवक्ता चन्द्रकांत यादव, रवि प्रकाश सिंह, विश्व प्रकाश श्रीवास्तव, पशुपति चौधरी, महबूब अली, रवि जायसवाल, सुनीता यादव, चन्द्रशेखर चौरसिया, दिनेश मणि त्रिपाठी, अनिल श्रीनेत, आशीष शुक्ला, मंजू सिंह, कु. चन्दना शुक्ला, मृणालिनी, कु. निशा, कु. पल्लवी सहित विद्यालय परिवार और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने आनंद को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रिपोर्टर : सुशील

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.