बैदौली घाट पर दर्दनाक हादसा अंतिम संस्कार के बाद स्नान करने उतरे तीन युवक बानगंगा में डूबे

सिद्धार्थनगर : शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बैदौली घाट पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में अंतिम संस्कार के बाद बानगंगा नदी में स्नान करने उतरे तीन युवक डूब गए। घटना के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक तीनों की तलाश जारी रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।जानकारी के अनुसार, जोगिया विकास खंड की ग्राम पंचायत मधवापुर के टोला मिझुनिया निवासी कंचन (85) पत्नी राम मुकुट का निधन हो गया था। गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार करने के लिए परिजन और ग्रामीण शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बैदौली घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद गांव के शिवा चौहान (17) पुत्र राममूरत और रवि वरुण (17) पुत्र रामरूप स्नान करने के लिए बानगंगा नदी में उतरे। इसी दौरान दोनों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।दोनों को बचाने के प्रयास में गांव का ही मोनू वरुण (18) पुत्र बबलू नदी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी गहराई और तेज बहाव की चपेट में आ गया। देखते ही देखते तीनों युवक नदी में लापता हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बढ़नी ब्लॉक की ग्राम पंचायत तालकुण्डा के केवटालिया गांव निवासी राहुल पुत्र रामबेला सभी युवकों को बचाने के लिए नदी में उतरे, लेकिन सफल नहीं हो सके। हालांकि उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफलता प्राप्त की।हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। काफी देर तक जब तीनों युवक बाहर नहीं निकले तो घाट पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर काफी देर तक तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।ग्रामीणों ने बताया कि शिवा चौहान मृतका का नाती था। वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गुरुवार को ही दिल्ली से गांव आया था। परिजनों ने उसे नदी में उतरने से मना भी किया था, लेकिन वह साथियों के साथ स्नान करने चला गया और हादसे का शिकार हो गया।ग्रामीणों के अनुसार, बैदौली घाट के पास बानगंगा नदी का यह हिस्सा काफी गहरा है। बरसात के मौसम में जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण यहां हादसों की आशंका बनी रहती है। प्रशासन ने लोगों से नदी में गहरे पानी में उतरने से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।घटना की सूचना मिलतेउपजिलाधिकारी राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी, तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव, नायब तहसीलदार माधुर्य यादव, थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह सहित राजस्व व पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सांसद प्रतिनिधि सूर्य प्रकाश पाण्डेय, रोशन श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान धर्मबीर, राम अचल, समाजसेवी अनिल चौधरी, सिद्धार्थ चौधरी, अनिल अग्रहरि** समेत कई जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।इसी दौरान शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली और रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक तीनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका।

रिपोर्टर : सुशील कुमार खेतान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.