दबंगों पर दो कमरे व चारदीवारी तोड़ने का आरोप, समाधान दिवस में लगाई न्याय की गुहार

सिद्धार्थनगर/शोहरतगढ़ : तहसील क्षेत्र के ग्राम गड़ाकुल तप्पा बरहो में भूमि विवाद को लेकर दो पक्के कमरे और लगभग 100 फीट लंबी चारदीवारी तोड़ने तथा रातोंरात कथित रूप से अवैध रास्ता बनाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत देकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और क्षतिपूर्ति की मांग की है।

नगर पंचायत शोहरतगढ़ निवासी श्याम सुन्दर पुत्र बजरंग लाल ने उपजिलाधिकारी को दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि ग्राम गड़ाकुल तप्पा बरहो स्थित उनकी आराजी गाटा संख्या 646 (रकबा 0.0810 हेक्टेयर) पर दो पक्के कमरे तथा पश्चिम दिशा में लगभग 100 फीट लंबी, 14 इंच चौड़ी और 12 फीट ऊंची ईंट की पक्की चारदीवारी बनी हुई थी।प्रार्थना-पत्र के अनुसार, 19 जून को विरोध के बावजूद आरोपितों ने 20 जून की रात कथित रूप से उनकी भूमि पर ईंट और रबीश डालकर अवैध रास्ता बना दिया। आरोप है कि इस दौरान दोनों कमरों और चारदीवारी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।पीड़ित का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवा दिया। इसके बाद थाना शोहरतगढ़ में भी शिकायत दी गई, लेकिन अब तक आरोपितों के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।संपूर्ण समाधान दिवस में दिए गए प्रार्थना-पत्र में पीड़ित ने जहीरुन्निसा, अब्दुल समद, अब्दुल हई, अब्दुल गनी सहित अन्य संबंधित लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने, कथित अवैध रास्ते को हटवाने, क्षतिग्रस्त कमरों एवं चारदीवारी की क्षतिपूर्ति दिलाने तथा भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है।संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत प्राप्त होने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

रिपोर्टर : सुशील कुमार खेतान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.