मांगें पूरी न होने पर 5 अगस्त से आंदोलन करेंगे लेखपाल
सिद्धार्थनगर : शोहरतगढ़ उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की उपशाखा शोहरतगढ़ इकाई ने शनिवार को अपनी विभिन्न लंबित मांगों के समर्थन में तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव के माध्यम से राजस्व परिषद अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो 5 अगस्त से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।संघ अध्यक्ष आशीष संगम ने कहा कि लेखपाल राजस्व व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, लेकिन बढ़ते कार्यभार, संसाधनों की कमी, पदोन्नति में विलंब, वेतन एवं भत्तों की विसंगतियों समेत कई समस्याओं से कर्मचारी जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नामांतरण, वरासत, पैमाइश, ई-गवर्नेंस, आपदा प्रबंधन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करने के बावजूद उनकी लंबे समय से लंबित मांगों का निस्तारण नहीं किया गया है।ज्ञापन में अंतरमंडलीय स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल दोबारा खोलने, चयन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करने, वर्ष 2024 की विभागीय परीक्षा का परिणाम एवं प्रमाणपत्र घोषित करने, स्टेशनरी, वाहन और विशेष भत्तों में वृद्धि करने, भूलेख कार्यालयों व अन्य सहायक पटलों से संबद्ध लेखपालों को कार्यमुक्त करने तथा ग्राम सचिवालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराए बिना रोस्टर व्यवस्था लागू न करने की मांग की गई।संघ ने कहा कि यदि शासन स्तर पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 5 अगस्त से सभी लेखपाल केवल अपने मूल हल्के का कार्य करेंगे। अतिरिक्त हल्कों का कार्य तथा ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा। संघ का कहना है कि आंदोलन का उद्देश्य सरकार का ध्यान लंबित मांगों की ओर आकर्षित करना है।इस दौरान तहसील मंत्री पूजा कश्यप, रमेश जायसवाल, सुनील सिंह, बबिता ठाकुर, अनिरुद्ध चौधरी, महेंद्र गुप्ता, विजय किशोर, मंचम पटेल, अखिलेश सहित संघ के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे
No Previous Comments found.