संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे 48 मामले, तीन का मौके पर निस्तारण पीएम आवास में रिश्वत मांगने का आरोप बना चर्चा का विषय
सिद्धार्थनगर : शोहरतगढ़ तहसील सभागार में शनिवार को तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव की अध्यक्षता में संपूर्ण तहसील समाधान दिवस आयोजित हुआ। इसमें राजस्व, पुलिस, विकास, कृषि समेत विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 48 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें राजस्व विभाग की तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को जांच एवं समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया।समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 41, बर्डपुर ब्लॉक की दो, जोगिया ब्लॉक की दो, बढ़नी ब्लॉक की एक,चिल्हिया पुलिस क्षेत्र की एक तथा कृषि विभाग की एक शिकायत प्राप्त हुई।कार्यक्रम के दौरान बढ़नी ब्लॉक की ग्राम पंचायत बसहिया निवासी बीना कुमारी और तारामती की शिकायत चर्चा का विषय रही। शिकायतकर्ताओं ने ग्राम प्रधान एवं प्रधान पति पर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि दो हजार रुपये नकद देने के बाद शेष 18 हजार रुपये आवास स्वीकृत होने पर देने की बात तय हुई थी। आरोप है कि शेष धनराशि न देने पर उनका आवास निरस्त करा दिया गया, जबकि पहले से पक्के मकान वाले अपात्र लोगों को योजना का लाभ दिला दिया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।इसी ग्राम पंचायत की निवासी सुमन देवी, पत्नी पुष्पेंद्र कुमार आर्य, ने भी शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि सार्वजनिक रास्ते की भूमि पर अवैध निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने अतिक्रमण हटाने और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
रिपोर्टर : सुशील कुमार खेतान
No Previous Comments found.