FLN प्रशिक्षण के तीसरे व चौथे बैच का समापन, गतिविधि आधारित शिक्षण पर जोर
सिद्धार्थनगर : ब्लॉक संसाधन केंद्र नौगढ़ में संचालित एफएलएन (FLN) प्रशिक्षण के तीसरे एवं चौथे बैच का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शनिवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता विकसित करने के लिए गतिविधि आधारित और प्रभावी शिक्षण तकनीकों की जानकारी दी गई।प्रशिक्षण के अंतिम दिन डीसी निपुण आशीष सिंह ने प्रशिक्षण का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों के सीखने के स्तर के अनुरूप शिक्षण कार्य करने, नियमित आकलन करने और निपुण लक्ष्य प्राप्त करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने का आह्वान किया संदर्भदाता अनंत दीप यादव, जे.पी. गुप्ता, शिवशंकर मिश्रा, रामपाल और शशि कुमार यादव ने बताया कि खेल, कहानी, कविता, गतिविधियों तथा स्थानीय परिवेश के उदाहरणों के माध्यम से बच्चों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकों को विद्यालयों में नियमित रूप से लागू करने पर बल दिया।समापन समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी नौगढ़ राम कुमार सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण की वास्तविक सफलता तब मानी जाएगी, जब इसका सकारात्मक प्रभाव कक्षा-कक्ष में दिखाई देगा। उन्होंने शिक्षकों से प्रत्येक बच्चे की सीखने की आवश्यकता को समझते हुए सकारात्मक माहौल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने की अपील की।प्रशिक्षण के समापन पर शिक्षकों ने विद्यालयों में नवीन शिक्षण तकनीकों को अपनाकर निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को पूरा करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर निवेदिता सांस्कृत, रूमीश, ज्योति यादव, पल्लवी सिंह, नेहा उपाध्याय, प्रियंका दुबे, पूनम तिवारी, नीलम यादव, अर्चना मौर्य, अभिनव त्रिपाठी, आलोक शर्मा, विजय, विनय, गौरव शुक्ला सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
रिपोर्टर : सुशील कुमार
No Previous Comments found.