ट्रैप कार्रवाई के विरोध में लेखपालों का हल्लाबोल,समाधान दिवस का बहिष्कार कर तहसील में किया धरना-प्रदर्शन
सिद्धार्थ नगर - शोहरतगढ़ तहसील में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ) की ट्रैप कार्रवाई के विरोध में शनिवार को लेखपालों ने थाना समाधान दिवस का बहिष्कार किया। इसके बाद तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन कर अयोध्या के सोहावल तहसील क्षेत्र में तैनात लेखपाल उत्कर्ष दीप के खिलाफ की गई कार्रवाई को अनुचित बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए लेखपाल संघ शोहरतगढ़ के अध्यक्ष आशीष संगम ने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। शासन, प्रशासन और निर्वाचन आयोग से संबंधित कार्यों का निर्वहन लेखपाल पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कर रहे हैं। इसके बावजूद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ओर से ट्रैप कार्रवाई के नाम पर लेखपालों का उत्पीड़न किया जा रहा है।लेखपाल सुनील सिंह ने कहा कि अयोध्या के सोहावल तहसील क्षेत्र में तैनात लेखपाल उत्कर्ष दीप को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई है। उन्होंने दावा किया कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज में रिश्वत लेते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता है। ऐसे में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।लेखपालों ने कहा कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं और दोषी के विरुद्ध कार्रवाई का समर्थन करते हैं, लेकिन किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई नियमों और ठोस साक्ष्यों के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा वृहद धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में राम भरत, रमेश जायसवाल, अनिरुद्ध चौधरी, मुस्ताक अहमद, संध्या पांडेय, पूजा गुप्ता समेत बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।
रिपोर्टर - सुशील कुमार खेतान
No Previous Comments found.