भाकियू ने बीडीओ को सौंपा 13 सूत्रीय ज्ञापन
सिद्धार्थनगर : शोहरतगढ़ विकासखंड में किसानों और ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मंगलवार को भाकियू मजदूर उत्थान यूनियन के प्रदेश सचिव फागू प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य विकास अधिकारी को संबोधित 13 सूत्रीय ज्ञापन खंड विकास अधिकारी शोहरतगढ़ को सौंपा।भाकियू जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार कश्यप ने कहा कि 15 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन मंडल स्तरीय धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागाध्यक्षों की होगी।
ज्ञापन में ग्राम सूर्यकुड़िया टोला पीकापार में अब्दुल सलाम के घर से रेखा हरिजन के घर तक तथा ग्राम जमुनी में पितंबर हरिजन के घर से भारत हरिजन के घर तक आरसीसी सड़क बनवाने की मांग की गई। जमुनी में खेल मैदान व खलिहान की भूमि की साफ-सफाई कराकर बाउंड्रीवाल बनवाने, ग्राम सभाओं में खराब हैंडपंपों की जांच कराकर मरम्मत कराने तथा लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी शामिल रही।इसके अलावा अगया, मदरहना उर्फ दत्तपुर टोला जनकपुर, जमुनी और सूर्यकुड़िया टोला पीकापार की स्वीकृत आवासीय सूची संगठन को उपलब्ध कराने, पात्र लाभार्थियों को वृद्धावस्था व विधवा पेंशन दिलाने, मनरेगा मजदूरों की मजदूरी 700 रुपये प्रतिदिन करने और 200 दिन का काम उपलब्ध कराने की मांग की गई। ग्राम चोहट्टा से अकरा पुल तक जाने वाली कच्ची सड़क को आरसीसी कराने तथा राष्ट्रीय आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत बनाए जा रहे पुष्टाहार की मानक व गुणवत्ता की जांच कराने समेत 13 मांगों के निस्तारण की मांग की गई।
इस दौरान श्रवण कुमार कश्यप, जगमोहन, रमाकांत, राजू, अशोक कुमार, जयराम, संतराम, उर्मिला, बबिता, शुभावती, बन्ना, श्यामकली, सोनमती, मीना सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर : सुशील कुमार खेतान

No Previous Comments found.