जनपदीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता शुरू, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम शतरंज में विवेक और सना परवीन बने जिला चैंपियन
सिद्धार्थनगर : जनपदीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता (जूनियर वर्ग) का शुभारंभ शनिवार को जिले के विभिन्न केंद्रों पर हुआ। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन और कुश्ती प्रतियोगिताओं का उद्घाटन जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) अमित कुमार शुक्ल एवं जिला समन्वयक (निपुण) आशीष सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया।बैडमिंटन प्रतियोगिता में छह विकास खंडों की टीमों ने भाग लिया। बालक वर्ग में भनवापुर ने जोगिया को हराकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि बालिका वर्ग में भी भनवापुर ने डुमरियागंज को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।कुश्ती प्रतियोगिता के विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालक वर्ग के 48 किलोग्राम में राहुल (भनवापुर), 44 किलोग्राम में रामनिवास (खेसरहा), 41 किलोग्राम में मोहम्मद अल्ताफ (खेसरहा), 38 किलोग्राम में राजेश (बांसी) तथा 35 किलोग्राम में राजकुमार (जोगिया) विजेता रहे। बालिका वर्ग में 46 किलोग्राम में दिव्या, 42 किलोग्राम में मधु, 39 किलोग्राम में शिवानी (तीनों डुमरियागंज) तथा 35 किलोग्राम वर्ग में रागिनी (शोहरतगढ़) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।शतरंज प्रतियोगिता में नौ विकास खंडों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में विवेक (लोटन) ने रुपेश (खेसरहा) को हराकर जिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में पीएम श्री विद्यालय समोगरा की सना परवीन ने सपना भारती को पराजित कर विजेता बनने का खिताब अपने नाम किया।टेबल टेनिस प्रतियोगिता में तीन विकास खंडों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। बालक एकल वर्ग में साहिल विजेता और अरुण उपविजेता रहे। बालक युगल वर्ग में रियाज एवं प्रभाकर विजेता तथा साहिल एवं अमर उपविजेता बने। बालिका एकल वर्ग में आरोही ने प्रथम तथा अफसाना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। युगल वर्ग में समोगरा की अफसाना एवं अफ़्बा की जोड़ी ने साहिबा और आरोही को हराकर खिताब जीता।प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेलों के निर्णायक के रूप में मुकेश कुमार, अकमल फारूखी, सुनील, राजेंद्र, अमृतलाल, गुलाम हुसैन, राजकुमार, केसरी नंदन, अनिल कुमार, मुश्तन शेरुल्लाह, किशन जी वर्मा, अजय बरनवाल, सत्येंद्र कुमार गुप्त, रामशंकर पांडेय, अभय त्रिपाठी, संघशील, रमेश कुमार और वेंकट चंद्रशेखर ने दायित्व निभाया।इस अवसर पर खेल प्रतियोगिता के संयोजक एवं खंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार, नीरज कुमार सिंह, ओमप्रकाश मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार पाल, जिला व्यायाम शिक्षक उपेंद्रनाथ उपाध्याय, जिला व्यायाम शिक्षिका सीमा द्विवेदी, संतोष कुमार, इमामुद्दीन, वंदना त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : सुशील कुमार खेतान
No Previous Comments found.