स्वास्थ्य केंद्र पर ताला देख ग्रामीणों में नाराजगी, शिकायत मिलते ही विभाग ने शुरू की जांच

सिद्धार्थनगर :  विकासखंड शोहरतगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत महमुदवा ग्रांट स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर ताला लटका मिलने का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य केंद्र बंद होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई।मामले को लेकर सीएमओ सिद्धार्थनगर से फोन पर वार्ता की गई। उन्होंने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद सीएमओ ने सीएचसी शोहरतगढ़ के प्रभारी को फोन कर मौके पर जांच करने के निर्देश दिए।सीएचसी शोहरतगढ़ प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए ग्राम प्रधान से भी कहा जाएगा। आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर ताला लटका होने की तस्वीर सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थानीय लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में केंद्र बंद मिलने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर बंद रहने के पीछे क्या कारण था और स्वास्थ्य विभाग की ओर से संबंधित कर्मचारी के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

रिपोर्टर : सुशील कुमार खेतान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.