योजनाओं की दी जानकारी अधिकारियों ने समस्याओं के निस्तारण का दिया भरोसा
सिद्धार्थनगर। विकासखंड शोहरतगढ़ के ग्राम पंचायत महदेवा नानकार में बुधवार को ‘गांव की समस्या-गांव में समाधान’ के तहत चौपाल का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक विनय वर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। संबंधित अधिकारियों ने समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।चौपाल में अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने आयुष्मान कार्ड, विधवा, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन, सरकारी अस्पताल में एक रुपये के पर्चे पर निश्शुल्क इलाज, मातृत्व वंदना योजना, निश्शुल्क राशन, शादी अनुदान, मृतक आश्रित अनुदान और युवा उद्यमी योजना के बारे में विस्तार से बताया।इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं। संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की जानकारी दी।चौपाल को संबोधित करते हुए विधायक विनय वर्मा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। गांव में आयोजित चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी और समस्याओं के समाधान का अवसर मिल रहा है। उन्होंने चौपाल की बेहतर व्यवस्था के लिए बीडीओ शोहरतगढ़ की सराहना की और कार्यक्रम में सहयोग करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों तथा ग्रामीणों का आभार जताया।इस दौरान बीडीओ शोहरतगढ़, एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत/विकास अधिकारी राम सिंह, शकील अहमद, कामेश्वर मिश्र, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अरुण कुशवाहा, बाल विकास परियोजना अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिका, आशा बहू, रोजगार सेवक गिरजेश चौधरी, ग्राम प्रशासक राममिलन चौधरी, सफाई कर्मचारी हरिश्चंद्र, कोटेदार तथा अपना दल के नेता व रामदास मौर्य समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे
रिपोर्टर - सुशील कुमार
No Previous Comments found.