नेपाल सीमा पर तस्करी की कोशिश नाकाम, तीन बोरी यूरिया के साथ युवक गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर : भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सीमा चौकी बजहा की विशेष गश्ती पार्टी को सफलता मिली। जवानों ने भारत से नेपाल की ओर यूरिया खाद ले जाने की कोशिश कर रहे एक युवक को पकड़ लिया। मौके से तीन बोरी यूरिया खाद और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। आवश्यक कार्रवाई के लिए युवक को सीमा शुल्क विभाग ककरहवा के सुपुर्द कर दिया गया।एसएसबी के अनुसार, बुधवार को विशेष गश्ती दल सीमा स्तंभ संख्या 552 से करीब 500 मीटर की दूरी पर गश्त कर रहा था। इसी दौरान जवानों ने एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल से भारत की ओर से नेपाल जाते देखा। जवानों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह घबरा गया और मोटरसाइकिल तथा उस पर लदा सामान छोड़कर नेपाल की ओर भागने लगा। गश्ती दल ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे पकड़ लिया।जांच के दौरान मोटरसाइकिल के पास तीन बोरी यूरिया खाद बरामद हुई। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम मोनू पुत्र बबलू, उम्र 18 वर्ष, निवासी रामनगर, थाना कपिलवस्तु, जिला सिद्धार्थनगर बताया। खाद के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।इसके बाद एसएसबी ने बरामद तीन बोरी यूरिया खाद और मोटरसाइकिल समेत युवक को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग, ककरहवा के सुपुर्द कर दिया।एसएसबी अधिकारियों के मुताबिक, भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी, मानव तस्करी, नशीली दवाओं, अवैध मुद्रा, वन्यजीव और अन्य प्रतिबंधित सामानों की आवाजाही रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सीमा पर गश्त और निगरानी को और प्रभावी बनाया गया है।
रिपोर्टर : सुशील कुमार खेतान
No Previous Comments found.