सीकर में PGDCA परीक्षा में सामूहिक नकल! पेपर हुआ रद्द

राजस्थान के सीकर में PGDCA परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल का बड़ा मामला सामने आया है। विश्व भारती कॉलेज में परीक्षा दे रहे कई छात्रों को जगतगुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय के उड़नदस्ते ने नकल करते हुए पकड़ा।

उड़नदस्ते ने परीक्षा केंद्र पर अचानक जांच की तो कई विद्यार्थी एक साथ समूह में बैठकर पेपर हल करते मिले। जांच के दौरान छात्रों के पास से नकल सामग्री और प्रश्नों के उत्तर से जुड़े प्रिंटेड कागज भी बरामद किए गए। फ्लाइंग स्क्वॉड ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी की और साक्ष्यों के साथ रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंप दी।

मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पहली पारी में आयोजित PGDCA परीक्षा को निरस्त कर दिया। इसके बाद दूसरी पारी की परीक्षा कराई गई।

विश्वविद्यालय ने विश्व भारती कॉलेज के परीक्षा केंद्र को निलंबित करने और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर मदन मोहन झा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परीक्षा विभाग को दोषी पाए जाने वाले कॉलेज के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

परीक्षा नियंत्रक डॉक्टर शुभ कुमार झा ने परीक्षा निरस्त करने का आधिकारिक आदेश जारी किया है। साथ ही आगामी परीक्षाओं में निगरानी और सख्त करने के लिए विश्वविद्यालय की ओर से भेजे गए उड़नदस्ते को ही ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है।

खास बात यह है कि पिछले पांच दिनों में PGDCA परीक्षा में सामूहिक नकल का यह दूसरा मामला सामने आया है। इससे पहले 7 अगस्त को लालसोट के एमडी पीजी कॉलेज में भी सामूहिक नकल पकड़ी गई थी।

अब सीकर के इस मामले में छात्रों और परीक्षा केंद्र के बीच किसी तरह की मिलीभगत थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.