मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
सिंगरौली : मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर 2026 तक जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह की तैयारियों को लेकर प्रभारी कलेक्टर श्री संघप्रिय ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कार्यक्रम को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभागवार दायित्व सौंपते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला स्तरीय स्थापना दिवस समारोह का आयोजन अटल सामुदायिक भवन, बिलौंजी में किया जाएगा। बैठक में कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा, ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान, बैठक व्यवस्था, पेयजल, माइक, मंच संचालन, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
प्रभारी कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अतिथियों को आमंत्रित करने, सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन, जिले की गौरव गाथाओं के प्रदर्शन तथा जिला उत्पादों एवं उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा।
प्रमुख शासकीय भवनों में होगी रोशनी
प्रभारी कलेक्टर ने जिला मुख्यालय स्थित प्रमुख शासकीय भवनों में 1 नवंबर की रात्रि को आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस समारोह में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, समाजसेवियों, धर्मगुरुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाए।
उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों, शहीद सैनिकों के परिवारों तथा उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले स्व-सहायता समूहों और स्टार्टअप से जुड़े पदाधिकारियों को भी समारोह में आमंत्रित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी कलेक्टर ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करते हुए स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाएं।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, सीईओ जनपद पंचायत देवसर सौम्या मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर प्रशांत त्रिपाठी, एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : मिथिलेश

No Previous Comments found.