जिला कलेक्टर की टीएल बैठक के आदेश पर संयुक्त चेकिंग अभियान का पांचवां दिन

सिंगरौली - जिला कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित टीएल (जिला स्तरीय) बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में परिवहन विभाग एवं खनिज विभाग द्वारा संयुक्त सघन चेकिंग अभियान का पांचवां दिन संचालित किया गया। अभियान के दौरान सरई–महुआगंवा–निवास–निगरी मार्ग पर नियमविरुद्ध ओवरलोड रेत एवं राखड़ (फ्लाई ऐश) का परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गई। जांच में 03 मालवाहक वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिन्हें सुरक्षार्थ निवास चौकी में खड़ा कर जप्त किया गया। जप्त वाहनों के क्रमांक इस प्रकार हैं— MP53 ZG 4006, MP53 ZD 7772 एवं MP66 H 2078। इसके अतिरिक्त एक अन्य मालवाहक वाहन ओवरलोड संचालित पाया गया, जिसके विरुद्ध ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम द्वारा प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC), बीमा, फिटनेस प्रमाणपत्र सहित अन्य वैधानिक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध चालानी एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। यह अभियान सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधा–पचौर–महुआगंवा से निगरी चौकी तक संचालित किया गया। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशानुसार चिन्हित मालवाहक वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर भी लगाए गए। परिवहन एवं खनिज विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में अवैध खनिज परिवहन अथवा शासकीय कार्यवाही में बाधा की स्थिति में संबंधित वाहन स्वामी एवं चालक के विरुद्ध BNS एवं अन्य संबंधित अधिनियमों के तहत कठोर कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी। प्रशासन ने कहा है कि अवैध खनिज परिवहन पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

संवाददाता - संतोष पनिका 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.