राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत यातायात पुलिस का जागरूकता अभियान

सिंगरौली : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह जनवरी 2026 के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यातायात थाना द्वारा एक भव्य वॉकथन का आयोजन किया गया। वॉकथन में विद्यार्थियों, आम नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों एवं पुलिस अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

वॉकथन में शामिल प्रतिभागियों ने हाथों में बैनर व पोस्टर लेकर “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा”, “हेलमेट व सीट बेल्ट अपनाएं”, “शराब पीकर वाहन न चलाएं” जैसे प्रभावी संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, तेज गति से वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा सुरक्षित व जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाने का आह्वान किया गया।
चौराहों व तिराहों पर भी चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित पोस्टर, बैनर व पंपलेट वितरित किए जा रहे हैं।
यातायात पुलिस सिंगरौली द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित ड्राइविंग अपनाएं और सड़क दुर्घटनाओं से स्वयं भी बचें तथा दूसरों को भी सुरक्षित रखें।

संवाददाता : संतोष पनिका 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.