प्रभारी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके 26 जुलाई को सिंगरौली दौरे पर रहेंगी, समीक्षा बैठकों सहित कई कार्यक्रमों में लेंगी भाग
सिंगरौली : मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री एवं सिंगरौली जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके 26 जुलाई 2026 (रविवार) को सिंगरौली जिले के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे 25 जुलाई की रात्रि जबलपुर से शक्तिपुंज एक्सप्रेस द्वारा प्रस्थान कर 26 जुलाई को प्रातः 04:55 बजे सिंगरौली पहुंचेंगी। इसके बाद वे सूर्या भवन के लिए रवाना होंगी। प्रभारी मंत्री प्रातः 11:00 बजे बैढ़न मंडल के बूथ क्रमांक 162 (शक्ति केन्द्र-39) में आयोजित प्रधानमंत्री के "मन की बात" कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके पश्चात दोपहर 12:00 बजे वे जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ डीएमएफ (DMF) फंड एवं जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक करेंगी। वहीं दोपहर 01:00 बजे निर्माण कार्यों एवं आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा, एमपीईबी, लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा पीआईयू (PIU) सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति का आकलन किया जाएगा। समीक्षा बैठकों के बाद प्रभारी मंत्री दोपहर 03:00 बजे "गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा" के अंतर्गत सांदीपनि स्कूल, बैढ़न में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद सायं 05:00 बजे भाजपा कार्यालय, बैढ़न में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। अपने प्रवास के अंतिम चरण में प्रभारी मंत्री सायं 06:30 बजे विन्ध्यनगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। प्रभारी मंत्री के इस दौरे के दौरान प्रशासनिक समीक्षा, विकास कार्यों की प्रगति, आपदा प्रबंधन तथा संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।
रिपोर्टर : मिथलेश
No Previous Comments found.