बिजली गुल होते ही जमीन पर सोना पड़ा भारी, जहरीले सर्प के डसने से 20 वर्षीय युवक की मौत

सिंगरौली (देवसर) : जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत ग्राम पंचायत जियावन के ग्राम अकौरी में सर्पदंश से 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान तेरस लाल कोल (20 वर्ष), पिता गंगाराम कोल के रूप में हुई है। युवक विवाहित था और उसकी ढाई माह की मासूम बेटी है। पिता की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई की रात अचानक बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण तेरस लाल कोल घर के अंदर जमीन पर सो गए। इसी दौरान एक जहरीले सर्प ने उन्हें डस लिया। कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर पहुंचाया।

बताया गया कि स्थानीय सरपंच पति महादेव साकेत भी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से चर्चा कर तत्काल उपचार की व्यवस्था कराई। डॉक्टरों ने युवक की जान बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन शरीर में विष का असर अधिक होने के कारण 26 जुलाई दोपहर लगभग 2 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जियावन पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।

युवक की असमय मौत से ग्राम अकौरी सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। ढाई माह की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ जाने और पत्नी के सुहाग उजड़ जाने से हर किसी की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शासन से आर्थिक सहायता की मांग भी की।

बरसात में बरतें विशेष सावधानी

घटना के बाद सरपंच पति महादेव साकेत ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में सांप-बिच्छुओं के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में जहां तक संभव हो जमीन पर सोने से बचें, रात में टॉर्च या पर्याप्त रोशनी का उपयोग करें, घर और आसपास साफ-सफाई रखें तथा सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर उपचार कराएं। उन्होंने बताया कि देवसर क्षेत्र में हाल के दिनों में सर्पदंश के कई मामले सामने आए हैं और समय पर इलाज से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।

रिपोर्टर : मिथिलेश कुमरा यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.