SIR विवाद के बीच CEC ज्ञानेश कुमार का यूपी दौरा स्थगित, चुनाव आयोग ने बताई वजह
AKANSHA UPADHYAY
उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का प्रस्तावित उत्तर प्रदेश दौरा स्थगित कर दिया गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त को 25 सितंबर को मेरठ स्थित चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) में Gen-Z यानी युवा पीढ़ी के साथ संवाद करना था। इसके बाद 28 सितंबर को वाराणसी में भी युवाओं के साथ संवाद का कार्यक्रम प्रस्तावित था।
दौरे के स्थगित होने के बाद इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हुईं। हालांकि, चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि दोनों कार्यक्रमों को स्थगित करने का फैसला 21 सितंबर को ही लिया गया था। आयोग ने कहा कि कार्यक्रमों की तारीखों में बदलाव प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है और इसे किसी एक घटना से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
चुनाव आयोग के अनुसार, कार्यक्रमों की तारीखों में समायोजन कई कारणों से करना पड़ सकता है। इनमें कार्यक्रम स्थल की उपलब्धता, वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यक्रम और प्राकृतिक परिस्थितियां जैसे विभिन्न कारक शामिल हैं। आयोग ने यह भी बताया कि इससे पहले भी कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में ELC (Electoral Literacy Club) सम्मेलनों की तारीखों में बदलाव या उन्हें स्थगित किया गया है। आयोग ने हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे बदलाव पहले भी होते रहे हैं। इसलिए उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित दो विशेष सम्मेलनों का स्थगन भी इसी नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है।
मेरठ और वाराणसी में प्रस्तावित संवाद कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं के साथ चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक भागीदारी से जुड़े विषयों पर संवाद करना था। फिलहाल चुनाव आयोग की ओर से इन कार्यक्रमों की नई तारीखों की जानकारी सामने नहीं आई है। नई तारीख तय होने के बाद दोनों कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

No Previous Comments found.