SIR विवाद के बीच विपक्ष का प्रदर्शन, चिराग पासवान ने चुनाव आयोग को दी बड़ी सलाह
AKANSHA UPADHYAY
SIR (Special Intensive Revision) को लेकर चुनाव आयोग और विपक्षी दलों के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल आज चुनाव आयोग के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं। कांग्रेस दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों में सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी। वहीं, 28 तारीख से सभी जिला कमेटियों को कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालने के निर्देश दिए गए हैं।दिल्ली में कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा राज्यों में भी चुनाव आयोग के कार्यालयों के सामने विरोध प्रदर्शन की योजना है। बिहार में RJD जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी, जबकि दिल्ली के जंतर-मंतर पर AISA की ओर से भी विरोध प्रदर्शन प्रस्तावित है।
चिराग पासवान ने चुनाव आयोग को दी सलाह
विपक्ष के लगातार सवालों के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का बयान भी सामने आया है। राहुल गांधी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने कहा कि यदि चुनाव आयोग के ऊपर सवाल उठ रहे हैं, तो यह आयोग की जिम्मेदारी है कि वह अपनी बात मजबूती से जनता के सामने रखे।उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है। उनके मुताबिक, यदि चुनावी प्रक्रिया को लेकर ही लोगों के मन में संदेह पैदा होने लगे, तो यह उचित स्थिति नहीं है। ऐसे में आयोग को अपनी स्थिति और फैसलों को स्पष्ट तरीके से जनता के सामने रखना चाहिए, ताकि किसी तरह का भ्रम या संदेह न रहे।
SIR को लेकर क्यों बढ़ा विवाद?
SIR को लेकर विवाद उस समय और तेज हो गया, जब एक मीडिया रिपोर्ट में चुनाव आयोग के भीतर मतभेद होने का दावा किया गया। रिपोर्ट में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और अन्य दो चुनाव आयुक्तों के बीच SIR के मुद्दे पर मतभेद की बात कही गई।इसके बाद विपक्षी दलों ने इस मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी संस्थान में विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग राय और टिप्पणियां सामने आना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है।आयोग ने यह भी कहा कि पिछले एक वर्ष में उसके सभी आदेश सर्वसम्मत निर्णयों का परिणाम रहे हैं।
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव की तैयारी?
इस बीच कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संसद के दोनों सदनों में प्रस्ताव लाने की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि पार्टी इस मुद्दे पर अन्य विपक्षी दलों से भी संपर्क कर रही है।सूत्रों के मुताबिक, प्रस्ताव का ड्राफ्ट तैयार किया जा रहा है और अगले दो सप्ताह के भीतर इसे संसद में पेश किए जाने की योजना है। बताया गया है कि दोनों सदनों में मोशन का नोटिस देने की तैयारी की जा रही है।कांग्रेस की ओर से यह भी कहा जा रहा है कि इस तरह के मोशन का नोटिस देने के लिए संसद सत्र का चलना जरूरी नहीं है।
चुनाव आयोग पर बढ़ा राजनीतिक दबाव
SIR को लेकर जारी विवाद अब चुनावी प्रक्रिया में जनता के विश्वास और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े बड़े राजनीतिक मुद्दे में बदलता दिखाई दे रहा है। एक ओर विपक्ष आयोग से पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहा है, वहीं चुनाव आयोग अपने फैसलों को निर्धारित संस्थागत प्रक्रिया और सर्वसम्मति से लिए गए निर्णयों का हिस्सा बता रहा है।आने वाले दिनों में विपक्ष के प्रदर्शन, चुनाव आयोग की प्रतिक्रियाओं और संसद में प्रस्ताव की संभावित कार्रवाई पर राजनीतिक घटनाक्रम की दिशा निर्भर करेगी।

No Previous Comments found.