समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार” अभियान महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को बढ़ाने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा:–जिलाधिकारी
सीतामढ़ी : समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार” अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में सीतामढ़ी जिले की जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समाहरणालय स्थित विमर्श सभा कक्ष में जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया एवं उप विकास आयुक्त सुश्री श्वेता भारती की उपस्थिति में जीविका दीदियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यस्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा “समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार” अभियान का शुभारंभ किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 5 लाख महिला लाभुकों के खाते में राशि का अंतरण, जीविका निधि से 10 हजार महिला लाभुकों को ऋण वितरण तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय एवं मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के बीच समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किया गया। सीतामढ़ी जिले में भी इस अभियान के तहत बड़ी संख्या में जीविका दीदियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। जिले की पूर्व में छूटी हुई 13,909 जीविका दीदियों को ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹13 करोड़ 90 लाख 90 हजार की राशि प्रदान की गई। वहीं, व्यवस्थित रूप से अपना व्यवसाय शुरू कर चुकीं जिले की 2,177 जीविका दीदियों को ₹20,000 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹4 करोड़ 35 लाख 40 हजार की राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना परिवार और समाज को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार, ऋण एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है। “समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार” अभियान महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को बढ़ाने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाभुक महिलाओं को योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए तथा उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग दिया जाए।
कार्यक्रम में संबंधित विभागों के पदाधिकारी, जीविका के कर्मी एवं बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित थीं।
रिपोर्टर : मुकेश यादव
No Previous Comments found.