अब 45 दिन तक नहीं कटेगी बिजली, यूपी में स्मार्ट मीटर नियम में बड़ा बदलाव

प्रदेश सरकार ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए नई व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत अब स्मार्ट मीटर लगने के बाद पहले 15 दिन की कन्वर्जन अवधि और उसके बाद 30 दिन यानी कुल 45 दिन तक बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। इसके साथ ही जीरो बैलेंस होने की स्थिति में भी उपभोक्ताओं को अधिकतम तीन दिन या 200 रुपये तक (दो किलोवाट लोड तक) बिजली आपूर्ति की सुविधा मिलती रहेगी। 

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शक्ति भवन में समीक्षा बैठक के दौरान बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित तकनीकी समिति की रिपोर्ट आने तक पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर में बदलने की प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर जानकारी देने के लिए पांच-स्तरीय एसएमएस अलर्ट सिस्टम लागू किया जाएगा, जिसमें बैलेंस 30 प्रतिशत, 10 प्रतिशत, खत्म होने, डिस्कनेक्शन से पहले और डिस्कनेक्शन के बाद संदेश भेजे जाएंगे।

इसके अलावा रविवार और अवकाश के दिनों में कनेक्शन काटने पर रोक रहेगी। गर्मी के मौसम को देखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और तकनीकी खराबियों जैसे ट्रांसफार्मर फॉल्ट, ढीले तार और स्पार्किंग को तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान और फोन के जरिए संपर्क करने पर भी जोर दिया गया है ताकि सेवा में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.