लोढ़ी में पानी की किल्लत पर गरमाई सियासत, पीडीए जन पंचायत में महिलाओं ने सुनाई पीड़ा।

सोनभद्र : समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को ग्राम लोढ़ी में पीडीए जन पंचायत एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं और आम लोगों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान मुख्य रूप से गांव में पेयजल की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अपनी परेशानी रखी। सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कई परिवार मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। प्रमोद यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली की बढ़ती लागत ने आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की योजनाओं के दावे और जमीनी हकीकत में काफी अंतर है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से हर घर जल-नल योजना के माध्यम से घर-घर पानी पहुंचाने का दावा किया जाता है, लेकिन गांवों में स्थिति कुछ अलग नजर आती है। पीडीए जन पंचायत में कई महिलाओं ने अपनी समस्याएं बताते हुए भावुक होकर अपनी पीड़ा साझा की। सपा नेताओं ने कहा कि जन पंचायत का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनना और उन्हें पार्टी के स्तर पर उठाना है। कार्यक्रम में शंकर प्रसाद, मीना भारती समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे।


रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.