सोशल मीडिया का नया खतरनाक Trend! वजन घटाने के चक्कर में चाय में मिला रहे ये चीज, हो सकता है नुकसान

आजकल सोशल मीडिया पर जल्दी वजन कम करने के कई तरह के दावे वायरल होते रहते हैं। इसी कड़ी में चीन में एक ऐसा अजीब ट्रेंड सामने आया है, जिसने हेल्थ एक्सपर्ट्स की चिंता बढ़ा दी है। कुछ युवा तेजी से पतला दिखने के लिए ऐसे नुस्खे अपना रहे हैं, जो शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं।

चाय में एनीमा मिलाकर पीने का दावा वायरल

चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कुछ इन्फ्लुएंसर्स एक खास तरह की ड्रिंक को वजन घटाने का तरीका बताकर प्रमोट कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि चाय में ग्लिसरीन एनीमा लिक्विड मिलाकर पीने से कुछ ही दिनों में कई किलो वजन कम किया जा सकता है।इस दावे के चलते कई लोग बिना इसकी सच्चाई जाने इस ट्रेंड को फॉलो कर रहे हैं और इसे तेजी से वजन घटाने का आसान तरीका मान रहे हैं।

दो दिन में वजन घटाने के दावे ने बढ़ाई परेशानी

इस वायरल ट्रेंड में दावा किया जा रहा है कि इसे अपनाने से सिर्फ दो दिनों में करीब 4 किलो तक वजन कम किया जा सकता है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह अचानक घटा हुआ वजन शरीर की चर्बी कम होने का संकेत नहीं होता।दरअसल, शरीर से ज्यादा मात्रा में पानी निकलने की वजह से वजन कम दिखाई दे सकता है, जो कुछ समय बाद वापस बढ़ सकता है।

लोगों की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने की नौबत

इस ट्रेंड को अपनाने वाले कुछ लोगों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने पेट में दर्द, ऐंठन, उल्टी और दस्त जैसी शिकायतें बताई हैं।एक महिला के मुताबिक, इस ड्रिंक को पीने के कुछ समय बाद ही उसके पेट में तेज दर्द शुरू हो गया और पूरी रात उसकी तबीयत खराब रही। कुछ मामलों में लोगों को इलाज के लिए अस्पताल की इमरजेंसी तक जाना पड़ा।

डॉक्टरों ने बताया कितना खतरनाक है यह तरीका

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, ग्लिसरीन एनीमा का इस्तेमाल एक खास मेडिकल जरूरत के लिए किया जाता है, इसे पीने के लिए नहीं बनाया गया है। इसे गलत तरीके से लेने से पाचन तंत्र पर बुरा असर पड़ सकता है।डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे तरीकों से शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बिगड़ सकता है, जिससे कमजोरी और अन्य गंभीर परेशानियां हो सकती हैं।

सोशल मीडिया के फिटनेस हैक्स से रहें सावधान

एक्सपर्ट्स लोगों को सलाह दे रहे हैं कि वजन कम करने के लिए इंटरनेट पर वायरल होने वाले हर नुस्खे पर भरोसा न करें। जल्दी परिणाम पाने के चक्कर में शरीर के साथ खतरनाक प्रयोग करना भारी पड़ सकता है।सही वजन घटाने के लिए संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि और विशेषज्ञों की सलाह सबसे सुरक्षित तरीका है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.