कलेक्टर चार्ज लेते समय कार्तिकेयन सर पत्नी के साथ पहुंचे,कुमार से मिला मार्गदर्शन और पांडुरंग का आशीर्वाद

सोलापुर : करीब 2 साल 9 महीने की सेवा के बाद सोलापुर के जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद का तबादला नागपुर जिलाधिकारी पद पर किया गया है। उनके स्थान पर कोल्हापुर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कार्तिकेयन एस. की नियुक्ति की गई है।

कुमार आशीर्वाद ने पदभार संभालने से पहले ग्रामदैवत श्री सिद्धेश्वर मंदिर में दर्शन किए थे। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नए जिलाधिकारी कार्तिकेयन ने भी अपनी पत्नी के साथ पंढरपुर में भगवान विट्ठल (पांडुरंग) के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया, इसके बाद वे सोलापुर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।

दोनों अधिकारियों का कलेक्टर कार्यालय में एक ही गाड़ी से आगमन हुआ। इस दौरान कार्तिकेयन की पत्नी भी उनके साथ मौजूद थीं। कुमार आशीर्वाद ने नए जिलाधिकारी को सभी अधिकारियों से परिचित कराया और जिले की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। इसके बाद औपचारिक रूप से चार्ज हैंडओवर किया गया।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह भी सामने आया कि कुमार आशीर्वाद ने कार्तिकेयन को कामकाज को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

नए जिलाधिकारी कार्तिकेयन ने सोलापुर के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही उन्होंने आईटी पार्क पंढरपुर और अक्कलकोट कॉरिडोर जैसे लंबित प्रोजेक्ट्स को गति देने का भरोसा जताया।

वहीं कुमार आशीर्वाद ने अपने कार्यकाल में उज्जनी जल पर्यटन परियोजना पूरी न हो पाने पर खेद व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि नए जिलाधिकारी इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाएंगे।

पिछले ढाई वर्षों में कुमार आशीर्वाद द्वारा किए गए कार्यों को सोलापुर की जनता लंबे समय तक याद रखेगी। अब सभी की नजर नए जिलाधिकारी कार्तिकेयन के कामकाज पर रहेगी।

रिपोर्टर : प्रभव चंद्रकांत काले

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.