सीता विदाई प्रसंग ने रुलाया, श्रीराम कथा के पांचवें दिन उमड़ा भावनाओं का सैलाब

चोपन/सोनभद्र- चोपन के रामेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित सप्तदिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा के पांचवें दिन मंगलवार को भक्तिभाव और करुण रस से ओतप्रोत माहौल देखने को मिला। कथा व्यास महाराज दिलीप कृष्ण भारद्वाज ने माता सीता की विदाई का प्रसंग अत्यंत मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं की आंखें छलक उठीं। पूरा परिसर “जय श्रीराम” के गगनभेदी जयकारों और भावनात्मक वातावरण से गूंज उठा।

कथा के दौरान व्यास महाराज ने श्रीराम-केवट संवाद एवं भगवान श्रीराम के वन गमन की कथा का भी विस्तारपूर्वक और संगीतमय वर्णन किया। भजनों और चौपाइयों के माध्यम से प्रभु श्रीराम की लीलाओं का ऐसा सजीव चित्रण किया गया कि श्रद्धालु भावविभोर होकर कथा में लीन हो गए। पूरा वातावरण भक्तिरस से सराबोर नजर आया।
अपने प्रवचन में कथावाचक दिलीप कृष्ण भारद्वाज ने कहा कि प्रभु श्रीराम कण-कण में विराजमान हैं और सच्चे मन से स्मरण करने पर उनके दर्शन अवश्य होते हैं। उन्होंने श्रीरामचरितमानस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह ग्रंथ जीवन को मर्यादा, संस्कार और आदर्शों की राह दिखाता है। साथ ही उन्होंने भारत भूमि पर जन्म को सौभाग्य बताते हुए राष्ट्र रक्षा और राष्ट्र हित को सर्वोपरि रखने का संदेश भी दिया।

श्रीराम कथा समिति के अध्यक्ष सुनील सिंह ने बताया कि रामेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित इस सप्तदिवसीय श्रीराम कथा का उद्देश्य जन-जन तक भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और संस्कारों का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कथा के माध्यम से समाज में धार्मिक चेतना के साथ-साथ सामाजिक एकता और सद्भाव को भी मजबूती मिल रही है। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति यह दर्शाती है कि श्रीराम कथा लोगों के हृदय से गहराई से जुड़ी हुई है।

कथा का संचालन मनोज चौबे ने किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जीत सिंह खरवार, चेयरमैन उस्मान अली, पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष सिंह, विश्व हिंदू रक्षा परिषद प्रदेश सचिव डॉ. बृजेश सिंह, प्रदीप अग्रवाल, राजनारायण तिवारी, नवल किशोर चौबे, एडवोकेट दिनेश पाण्डेय, संतोष दूबे, आचार्य पं. बृजेश शुक्ला, आनंद पटेल दयालू, श्यामाचरण गिरी, महेश शुक्ला, विकास चौबे, सत्या केशरी, जयशंकर पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान चोपन सहित जनपद सोनभद्र का माहौल पूर्णतः भक्तिमय बना रहा।

रिपोर्ट- कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.