ओबरा नगर पंचायत में नवागत ईओ ने संभाला कार्यभार
सोनभद्र - ओबरा नगर पंचायत कार्यालय में नवागत अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह ने विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया है। शासनादेश के अनुसार यह प्रक्रिया पूरी की गई। नगर पंचायत ओबरा कार्यालय में सोमवार को नवागत अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह कार्यभार ग्रहण करने पहुंचे। नियमानुसार कार्यभार ग्रहण की प्रक्रिया के तहत नगर पंचायत चेयरमैन चांदनी देवी को आमंत्रित किया गया, लेकिन दूरभाष पर संपर्क करने पर उन्होंने जनपद से बाहर होने की जानकारी दी। चेयरमैन की अनुपस्थिति में शासन द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन करते हुए तथा नगर पंचायत के शासकीय कार्य प्रभावित न हों, इसे ध्यान में रखते हुए अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह ने अपनी योगदान आख्या प्रस्तुत कर कार्यभार ग्रहण किया।इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव, निदेशक, जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी एवं नगर पंचायत चेयरमैन को पत्र के माध्यम से आवश्यक सूचना प्रेषित की गई है। उल्लेखनीय है कि पूर्व अधिशासी अधिकारी मधुसूदन जायसवाल का शासन द्वारा 6 जनवरी को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर नगर पंचायत निधौली कला, जनपद एटा में अधिशासी अधिकारी के रिक्त पद पर तैनात किया गया है। नवागत अधिशासी अधिकारी के कार्यभार ग्रहण के साथ ही नगर पंचायत ओबरा में प्रशासनिक कार्यों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी

No Previous Comments found.