ओबरा ताप विद्युत परियोजना में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह
ओबरा/सोनभद्र : ओबरा ताप विद्युत परियोजना परिसर स्थित गांधी मैदान में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भारत सरकार और प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आयोजित इस समारोह में मुख्य महाप्रबंधक इं० आर०के० अग्रवाल ने सुबह 8:30 बजे ध्वजारोहण किया और उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों व जनसमूह को संबोधित किया।
मुख्य महाप्रबंधक इं० आर०के० अग्रवाल ने अपने संबोधन में सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र, समता, पंथनिरपेक्षता और विधि के शासन की मजबूत नींव है। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के साथ ही भारत एक लोकतांत्रिक गणराज्य बना।
उन्होंने ऊर्जा संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए सस्ती, सुरक्षित और स्थिर ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी सकारात्मक कदम उठाने की आवश्यकता बताई।
अपने संबोधन में उन्होंने ओबरा तापीय परियोजना की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि ओबरा ‘बी’ परियोजना की 200 मेगावाट क्षमता की पांचों इकाइयां पुरानी होने के बावजूद पूर्ण क्षमता पर निर्बाध विद्युत उत्पादन कर रही हैं। वर्ष 2025 में विद्युत उत्पादन पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि ओबरा ‘सी’ परियोजना की 2×660 मेगावाट क्षमता की दोनों इकाइयां पूर्ण क्षमता पर चल रही हैं और वर्तमान में ओबरा परियोजना कुल 2320 मेगावाट विद्युत उत्पादन कर देश की अग्रणी परियोजनाओं में शामिल है। वहीं 800 मेगावाट की दो इकाइयों वाली ओबरा ‘डी’ परियोजना प्रारंभिक चरण में है, जो भविष्य में रोजगार और विकास को नई गति देगी।
इस वर्ष समारोह की विशेष बात यह रही कि विभिन्न विद्यालयों के लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की, जिससे आयोजन और भी भव्य, अनुशासित और गरिमामयी बन गया।
समारोह में मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, सीआईएसएफ कमांडेंट, चिकित्साधिकारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री अनुराग मिश्र ने किया।
रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

No Previous Comments found.