शहादत की ज्योति से जागा चोपन रोड, क्रांतिकारियों को भावभीनी श्रद्धांजलि

सोनभद्र/ओबरा :  चोपन रोड पर  राष्ट्रीय नव निर्माण सेना ट्रस्ट के तत्वावधान में भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता  आनंद पटेल दयालु ने की, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अमर शहीदों को नमन किया।

अध्यक्षता कर रहे  आनंद पटेल दयालु ने कहा कि यह दिन केवल एक तिथि नहीं, बल्कि देश के उन अमर बलिदानियों को याद करने का पावन अवसर है जिन्होंने कम उम्र में ही हँसते-हँसते अपने प्राणों की आहुति दे दी। उन्होंने कहा कि भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु केवल नाम नहीं, बल्कि देशभक्ति की ऐसी अमर ज्योति हैं जो आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेंगी। इन वीरों ने एक ऐसे भारत का सपना देखा था जहाँ हर नागरिक को समानता, न्याय और सम्मान के साथ जीने का अधिकार मिले।
उन्होंने वर्तमान व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि आज देश आजाद जरूर है, लेकिन भ्रष्टाचार ने समाज को खोखला कर दिया है। गरीब, किसान और आम नागरिक आज भी न्याय के लिए भटक रहे हैं, जो शहीदों के सपनों के विपरीत है।
दयालु ने यह भी कहा कि भगत सिंह केवल एक क्रांतिकारी ही नहीं, बल्कि एक महान विचारक, लेखक और दार्शनिक भी थे। उनके विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने मांग की कि क्रांतिकारियों के विचार और साहित्य को शिक्षा के हर स्तर पर अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ी पहले एक सच्चा देशभक्त बने।
कार्यक्रम के दौरान क्रांतिकारी महापुरुषों की तस्वीरों की प्रदर्शनी भी लगाई गई और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय योग संरक्षक  धनराज सिंह, प्रदेश अध्यक्ष महताब आलम, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष कनौजिया, प्रदेश सचिव विकास कुमार गौड़, शरीफ खान, जिला संगठन मंत्री दिनेश केसरी, विवेक जायसवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.