संवाद से समाधान: अनशन खत्म, सफाई कर्मियों को मिली राहत

सोनभद्र : उ०प्र० बिजली कर्मचारी संघ के बैनर तले चल रहा क्रमिक अनशन बुधवार को प्रशासन और संघ के बीच हुई अहम वार्ता के बाद समाप्त हो गया। लंबे समय से जारी इस आंदोलन का पटाक्षेप तब हुआ जब दोनों पक्ष कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमत हो गए।

वार्ता में प्रशासन की ओर से उप जिलाधिकारी ओबरा, लेबर कमिश्नर पिपरी, मुख्य महाप्रबंधक ओबरा, महाप्रबंधक ‘ब’ एवं ‘स’ (सिविल), थानाध्यक्ष ओबरा, कारखाना प्रबंधक सीटीपीएस तथा अधिशासी अभियंता मौजूद रहे। वहीं संघ की तरफ से प्रांतीय अध्यक्ष अजय कुमार सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष अजीत कुमार साहू, क्षेत्रीय मंत्री प्रदीप कुमार कनौजिया, कोषाध्यक्ष बानी ब्रत बनर्जी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में सहमति बनी कि 26 मार्च 2026 से परियोजना और कॉलोनियों में कार्यरत सभी सफाई कर्मी अपनी ड्यूटी पर वापस लौटेंगे। साथ ही निगम के स्वीकृत मानकों के अनुसार ही ड्यूटी का आवंटन किया जाएगा और किसी भी कर्मचारी के साथ किसी प्रकार का उत्पीड़न नहीं होगा।
समझौते के बाद अधिकारियों ने अनशन पर बैठे श्रमिकों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। इस दौरान मौके पर मौजूद कर्मचारियों में राहत और खुशी का माहौल देखा गया।

संघ के प्रांतीय अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने कहा कि यह समझौता कर्मचारियों के हित में है और उम्मीद है कि आगे उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान भी निकलेगा। वहीं प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करते हुए सभी मुद्दों पर गंभीरता से काम किया जाएगा।

रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.