“ओबरा में मौत को दावत देती नालियां, जिम्मेदार विभाग बेखबर”

सोनभद्र : नगर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल डिग्री कॉलेज से शारदा मंदिर को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता इन दिनों गंभीर अव्यवस्था का शिकार है। यादव बस्ती स्थित खनन क्षेत्र को जोड़ने वाले चौराहे पर नालियों की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि अब यह मार्ग हादसों का कारण बनता जा रहा है। सड़क के दोनों किनारों पर टूटी हुई नालियां और खुले गड्ढे न केवल यातायात को बाधित कर रहे हैं, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर भी बड़ा खतरा बन गए हैं। यह मार्ग खनन क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग होने के कारण यहां दिन-रात भारी वाहनों का आवागमन बना रहता है। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। वहीं, घनी आबादी के बीच होने के कारण स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को हर रोज जोखिम उठाकर इस रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है। कई बार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। हालात यह हैं कि सुरक्षा के नाम पर कुछ स्थानों पर केवल पत्थर डालकर खानापूर्ति कर दी गई है, जो किसी भी लिहाज से पर्याप्त नहीं है।वर्तमान स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की निष्क्रियता और अनदेखी प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब जागता है और इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान कब तक किया जाता है।


रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.