सोनभद्र में केज कल्चर का खेल उजागर, मंत्री के दौरे से मचा हड़कंप”

सोनभद्र :  जिले में चल रही केज कल्चर परियोजना में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों का मामला सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। मंत्री के औचक निरीक्षण से विभाग में हड़कंप मच गया है और कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। मंत्री ने रिहंद बांध और ओबरा डैम का निरीक्षण किया, जहां कई केज पूरी तरह निष्क्रिय मिले। अधिकांश केज में मछली पालन बंद था और उनमें काई जमी हुई पाई गई, जबकि कागजों में इन्हें सक्रिय दिखाकर सरकारी धन का उपयोग किया जा रहा था। इससे परियोजना की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।निरीक्षण के दौरान लाभार्थियों ने मंत्री से शिकायत की कि उनसे पैसे वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इस पर मंत्री ने तत्काल सख्ती दिखाते हुए पुलिस अधिकारियों को लाभार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश न कर सके।

मंत्री संजय निषाद ने स्पष्ट कहा कि इस मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संकेत दिए कि जांच में उच्च स्तर तक अधिकारियों की भूमिका भी सामने आ सकती है, जिससे यह मामला और गंभीर होता जा रहा है।
मंत्री के इस सख्त रुख के बाद अब पूरे मामले में बड़ी कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज हो गई है कि क्या इस बार वास्तव में जिम्मेदारों पर गाज गिरेगी या फिर मामला पहले की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।


रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.