डाला में लगा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 350 मरीजों का हुआ इलाज
डाला/सोनभद्र - डाला क्षेत्र में एक सराहनीय पहल के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन किया गया, जहां सैकड़ों लोगों को मुफ्त जांच और दवाइयों का लाभ मिला।डाला बाजार स्थित रामलीला मैदान में शनिवार सुबह मीडिया हाउस संस्था द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में करीब 350 मरीजों का इलाज किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उपस्थित चिकित्सकों को सम्मानित किया।
इस दौरान विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि सोनभद्र आदिवासी बाहुल्य और खनन क्षेत्र होने के कारण यहां स्वास्थ्य सुविधाओं की विशेष जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे मेडिकल कैंप लोगों के लिए काफी राहत देने वाले होते हैं और सरकार भी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद अल्ट्राटेक के एडमिन हेड पियूष शुक्ला और क्रशर एसोसिएशन अध्यक्ष अजय सिंह ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविरों से आम जनता को सीधा लाभ मिलता है। उन्होंने भविष्य में हर तीन महीने पर ऐसे कैंप आयोजित कराने की बात कही। मीडिया हाउस संस्था के संस्थापक डॉ. ए.के. गुप्ता ने बताया कि शिविर में मलेरिया, शुगर, टीबी, डेंगू, कुष्ठ एवं आंखों सहित विभिन्न रोगों की जांच की गई। साथ ही दंत, हड्डी, बाल, स्त्री एवं सामान्य रोग विशेषज्ञों द्वारा मरीजों का इलाज कर मुफ्त दवाएं वितरित की गईं।
शिविर के दौरान मजदूरों के लिए ई-श्रम कार्ड और आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। वहीं ‘रक्तदान महादान’ अभियान के तहत लोगों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान भी किया।
कार्यक्रम में रामलीला कमेटी अध्यक्ष हनुमान सिंह, चिकित्सक डॉ. सुभाष चंद्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सर्वेश पटेल ने किया। डाला में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर ने न सिर्फ सैकड़ों लोगों को राहत दी, बल्कि सामाजिक सरोकार की एक मजबूत मिसाल भी पेश की।
रिपोर्ट- कुम्धज चौधरी


No Previous Comments found.