“ओबरा में आउटसोर्सिंग भर्ती पर बवाल! ‘सेटिंग’ से बटी नौकरी, सभासद ने खोली पोल”
ओबरा : नगर पंचायत ओबरा में आउटसोर्सिंग भर्ती को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। वार्ड नंबर 05, सरदार पटेल नगर के सभासद राजू साहनी ने भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए अधिशासी अधिकारी से जांच की मांग की है।
सभासद का आरोप है कि आउटसोर्सिंग के नाम पर नियमों को दरकिनार कर मनमाने तरीके से नियुक्तियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती में पारदर्शिता पूरी तरह गायब है और कथित तौर पर “सेटिंग” के आधार पर अपने करीबियों और परिचितों को नौकरी दी जा रही है। इससे योग्य अभ्यर्थियों के हक पर सीधा डाका डाला जा रहा है।
राजू साहनी ने अपने शिकायत पत्र में कहा है कि यह मामला सिर्फ अनियमितता नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने मांग की कि निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और गलत तरीके से नियुक्त कर्मचारियों को तत्काल हटाया जाए।उन्होंने यह भी चेताया कि अगर प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो यह मुद्दा जनआक्रोश का रूप ले सकता है। स्थानीय लोगों में भी इस मामले को लेकर नाराजगी बढ़ती दिख रही है।
अब बड़ा सवाल यही है कि नगर पंचायत प्रशासन इन आरोपों को कितनी गंभीरता से लेता है—क्या होगी पारदर्शी जांच या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?
रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी

No Previous Comments found.