सजीव प्रसारण में गूंजा श्रमिक सम्मान: ओबरा परियोजना ने दोहराई कल्याण की प्रतिबद्धता
ओबरा/सोनभद्र : अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर ओबरा तापीय विद्युत परियोजना में श्रमिकों के सम्मान और कल्याण को लेकर विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण ओबरा ‘सी’ तापीय विद्युत गृह के सम्मेलन कक्ष में किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। सुबह 11 बजे से 12 बजे तक चले इस प्रसारण के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रेरणादायक संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री ने श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए उनके कल्याण, सुरक्षा और सम्मान को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। इस अवसर पर ओबरा तापीय परियोजना द्वारा श्रमिक हित में किए जा रहे प्रयासों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। परियोजना में कार्यस्थलों पर उच्च सुरक्षा मानकों का पालन, नियमित सुरक्षा प्रशिक्षण, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता, स्वच्छ पेयजल और विश्राम स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही श्रमिकों के लिए सुरक्षा उपकरण (पीपीई) की अनिवार्य उपलब्धता और संविदा श्रमिकों के हितों की सतत निगरानी भी की जा रही है।
कार्यक्रम का आयोजन विभिन्न विभागों के समन्वय से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ, जिससे सजीव प्रसारण निर्बाध और सुव्यवस्थित रूप से हो सका। इस मौके पर मुख्य महाप्रबंधक इं. आर.के. अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में अधिशासी अभियंता इं. दिलीप सिंह, इं. अंकुर सिंह एवं कार्यकारी अधिकारी अनुराग मिश्र की भूमिका महत्वपूर्ण रही। ओबरा तापीय विद्युत परियोजना ने इस अवसर पर श्रमिकों के कल्याण, सुरक्षा और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर मजबूत करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया।
रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी


No Previous Comments found.