“देरी से सही,दिव्य आगमन: दाऊ सरकार के सानिध्य में ओबरा में आस्था का महासंगम”

ओबरा : नगर के माँ शारदा शक्ति मंदिर में एक अलग ही आध्यात्मिक ऊर्जा देखने को मिली, जब मैहर शक्तिपीठ धाम के प्रधान पुजारी दाऊ सरकार जी का आगमन हुआ। बसंत पंचमी पर परंपरागत आगमन इस बार नहीं हो सका था, लेकिन 3 मई को जैसे ही उनका आगमन हुआ, मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर हो उठा।

आगमन के साथ ही भक्ति का ऐसा रंग जमा कि देर रात तक मंदिर प्रांगण भजन, कीर्तन और जयकारों से गूंजता रहा। माँ शारदा की भव्य आरती और उसके बाद आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आस्था की एकजुटता का परिचय दिया। अगली सुबह भी श्रद्धालुओं की भीड़ कम नहीं हुई—दर्शन और आरती के लिए लंबी कतारें यह बता रही थीं कि लोगों के मन में इस आयोजन को लेकर कितनी श्रद्धा और उत्साह है।
इस धार्मिक आयोजन के बीच एक अहम फैसला भी लिया गया। मंदिर के बेहतर संचालन और भविष्य की योजनाओं को व्यवस्थित रूप देने के लिए दाऊ सरकार जी के नेतृत्व में “माँ शारदा शक्ति मंदिर समिति” का गठन किया गया। समिति का उद्देश्य सिर्फ पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि मंदिर को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनाना भी है। स्थानीय श्रद्धालुओं ने इस पहल को मंदिर के विकास की नई शुरुआत बताते हुए कहा कि इससे न सिर्फ धार्मिक कार्यक्रमों में विस्तार होगा, बल्कि समाज में एकता और समरसता भी मजबूत होगी।आस्था, संगठन और संकल्प—इन तीन सूत्रों के साथ अब ओबरा का माँ शारदा मंदिर एक नई दिशा की ओर बढ़ चला है।
रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.