“ऑपरेशन सिंदूर” की वर्षगांठ पर इनरव्हील क्लब ओबरा का सलाम, पीएम और CDS को भेजे हस्तलिखित सम्मान पत्र

ओबरा : “ऑपरेशन सिंदूर” की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर इनरव्हील क्लब ओबरा ने राष्ट्रभक्ति और सम्मान से जुड़ी एक अनूठी पहल करते हुए भारत के माननीय प्रधानमंत्री एवं चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) को हस्तलिखित धन्यवाद एवं सम्मान पत्र भेजे। इस पहल के माध्यम से क्लब ने भारतीय सेना के शौर्य, समर्पण और राष्ट्र सुरक्षा में उनके अतुलनीय योगदान के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की ।

क्लब की अध्यक्षा जस्कीर्ति तनेजा ने बताया कि यह पहल भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस, देश की मातृशक्ति के सम्मान तथा राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा के प्रति सम्मान प्रकट करने के उद्देश्य से की गई। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और देश की सुरक्षा के प्रति भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
विशेष आकर्षण यह रहा कि सभी पत्र क्लब के आधिकारिक लेटरहेड पर हस्तलिखित रूप में तैयार किए गए। हस्तलिखित पत्रों ने इस पहल को भावनात्मक स्पर्श देते हुए आत्मीयता और सम्मान की विशेष अनुभूति प्रदान की। क्लब की ओर से भेजे गए संदेशों में भारतीय सेना की राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और बलिदान को नमन करते हुए देशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर क्लब की सचिव प्रियंका सिंह, कोषाध्यक्ष प्रियंका श्रीवास्तव सहित सदस्य फरीदा खान, सुजाता पांडेय, तौकीर फातिमा, संगीता सिंह, मीरा सिंह एवं बेबी सिंह उपस्थित रहीं।
इनरव्हील क्लब ओबरा की इस सराहनीय एवं राष्ट्रभावना से ओतप्रोत पहल की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है।

रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.