NEET पेपर लीक के विरोध में ABVP का प्रदर्शन, NTA का फूंका पुतला
ओबरा/सोनभद्र- नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET परीक्षा में सामने आई कथित धांधली और पेपर लीक प्रकरण के विरोध में गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (ओबरा डिग्री कॉलेज) के मुख्य द्वार पर NTA का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ABVP के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं छात्र नेता मनमोहन निषाद ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने वाले शिक्षा माफिया देश के युवाओं के सबसे बड़े दुश्मन बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों से लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने मांग की पेपर लीक गिरोह में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कठोरतम कार्रवाई की जाए। साथ ही NTA की कार्यप्रणाली की उच्च स्तरीय जांच कर एजेंसी का तत्काल पुनर्गठन किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस उद्देश्य से NTA की स्थापना की गई थी, वह अब अपने मूल उद्देश्यों से भटक चुकी है।
वहीं सोनभद्र विभाग संयोजक सौरभ सिंह पंकज ने कहा कि NTA द्वारा अब तक कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद होना चाहिए तथा इस मामले में संलिप्त सभी दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक पीड़ित छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक विद्यार्थी परिषद छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। इस दौरान महाविद्यालय इकाई मंत्री कार्तिक तिवारी, अभय प्रताप सिंह, शिखर सोनी, शिवम अग्रहरि, नील प्रताप सिंह, लकी पाठक, मंगल सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
रिपोर्ट- कुम्धज चौधरी


No Previous Comments found.