रेलवे ट्रैकमैन्टेनर्स को बड़ी सौगात : बिना परीक्षा बनेंगे जूनियर इंजीनियर

सोनभद्र : रेलवे ट्रैकमैन्टेनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब ट्रैकमैन्टेनर्स भी जूनियर इंजीनियर (रेल पथ) बन सकेंगे और इसके लिए उन्हें विभागीय लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए 20 प्रतिशत पदों पर वरीयता सह योग्यता के आधार पर पदोन्नति देने की व्यवस्था लागू कर दी है।

ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ईसीआरकेयू) के अपर महामंत्री एवं ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (एआईआरएफ) वर्किंग कमिटी सदस्य मो. ज़्याऊद्दीन ने बताया कि यह फैसला रेलवे कर्मचारियों के हित में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि पहले इंजीनियरिंग विभाग में सुपरवाइजर स्तर के इस पद पर पदोन्नति पाने के लिए कर्मचारियों को कठिन विभागीय लिखित परीक्षा प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था, जिससे बड़ी संख्या में ट्रैकमैन्टेनर्स वंचित रह जाते थे।
मो. ज़्याऊद्दीन ने बताया कि एआईआरएफ और ईसीआरकेयू लगातार रेलवे बोर्ड एवं उच्च अधिकारियों के समक्ष यह मांग उठा रहे थे कि ट्रैकमैन्टेनर्स को भी उनकी वरिष्ठता और कार्य अनुभव के आधार पर अधिकारी बनने का अवसर मिलना चाहिए। कई दौर की बैठकों और तर्कपूर्ण प्रस्तुतियों के बाद रेलवे बोर्ड ने 15 मई को आदेश संख्या ई (एनजी) 1/2020/पीएम 5/8 (ई-3325640) जारी कर इस मांग को स्वीकार कर लिया। आदेश के अनुसार जूनियर इंजीनियर (रेल पथ) के 20 प्रतिशत पदों पर ट्रैकमैन्टेनर्स को बिना लिखित परीक्षा वरीयता सह योग्यता के आधार पर पदोन्नति दी जाएगी।
ईसीआरकेयू चोपन वन शाखा सचिव उमेश कुमार सिंह ने कहा कि ट्रैकमैन्टेनर्स की यह वर्षों पुरानी मांग थी। यूनियन के सतत प्रयासों और सक्रिय पहल के चलते अब कर्मचारियों को अधिकारी बनने का सुनहरा अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि यह फैसला हजारों रेलवे कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने वाला साबित होगा। जोनल सेक्रेटरी ओपी शर्मा सहित ईसीआरकेयू के सभी पदाधिकारियों ने इस निर्णय पर खुशी जताते हुए ट्रैकमैन्टेनर्स को शुभकामनाएं दी हैं।

रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.