ऊर्जा नगरी ओबरा में बिजली संकट,अघोषित कटौती से जनता बेहाल

सोनभद्र - ओबरा की ऊर्जा नगरी कहे जाने वाले ओबरा में इन दिनों बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आम जनता का जीना मुश्किल हो गया है। हालात यह हैं कि दिन तो दिन रात में घंटों बिजली गायब रहने से लोग गर्मी और उमस में रात काटने को मजबूर हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग द्वारा रोस्टिंग के नाम पर मनमानी कटौती की जा रही है। नगर में रोजाना देर रात तक बिजली काटी जा रही है और कई बार रात 1से 2 बजे तक आपूर्ति बाधित रहती है। इससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।उपभोक्ताओं का कहना है कि शिकायत करने के लिए जब बिजली विभाग के जेई और एसडीओ को फोन किया जाता है तो फोन की घंटी तो जाती है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलता। अधिकारियों की इस कार्यशैली को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। बिजली संकट का असर घरेलू जीवन के साथ-साथ व्यापार और पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। इन्वर्टर जवाब दे चुके हैं, पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है और दुकानदारों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द व्यवस्था सुधारने तथा अघोषित कटौती पर रोक लगाने की मांग की है। अब देखना होगा कि ऊर्जा नगरी ओबरा को आखिर कब स्थायी राहत मिलती है।

रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.