कोन में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर फूटा जनाक्रोश, विशेषज्ञ डॉक्टरों की मांग तेज
कोन/सोनभद्र : कोन क्षेत्र में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को राष्ट्रीय नव निर्माण सेना ट्रस्ट के तत्वाधान में ग्राम पंचायत पडरछ में जनजागरूकता एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों ने सरकारी अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं महिला डॉक्टर की तत्काल नियुक्ति की मांग उठाई।
अभियान का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद पटेल दयालु ने किया। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों ने गांव-गांव जाकर लोगों से हस्ताक्षर करवाए और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली के खिलाफ आवाज बुलंद की। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग 2 लाख की आबादी वाले कोन क्षेत्र में आज तक पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। मरीजों को मामूली इलाज के लिए भी करीब 70 किलोमीटर दूर राबर्ट्सगंज जाना पड़ता है, जिससे गरीब और मजदूर वर्ग को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद पटेल दयालु ने कहा कि गरीब व्यक्ति बीमारी से कम और इलाज के खर्च से ज्यादा परेशान होता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधा जनता का अधिकार है और सरकार को इस दिशा में तत्काल कदम उठाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष महताब आलम ने कहा कि कोन क्षेत्र की जनता वर्षों से उपेक्षा का शिकार रही है, लेकिन अब लोग अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठा रहे हैं। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष कनौजिया ने महिला डॉक्टर की कमी को महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।
अभियान में जिलाध्यक्ष शिबू शेख, जिला उपाध्यक्ष शंभू पटेल, जिला सचिव नारद पटेल, गुड्डू पटेल, चंद्रिका शर्मा, विजेंद्र पांडे, अखिलेश राय और राजकुमार कनौजिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक कोन अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं होती, तब तक जनआंदोलन जारी रहेगा।
रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी


No Previous Comments found.