“जो सच लिखते हैं, आज वही सम्मान के मंच पर थे”
सोनभद्र : कभी गांवों की टूटी सड़कों से लेकर गरीबों की आवाज को खबरों के जरिए शासन तक पहुंचाने वाले पत्रकार को खुद सम्मान के केंद्र में नजर आए। राजधानी लखनऊ के राज्य भवन में आयोजित राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के भव्य समारोह में सोनभद्र की पत्रकार टीम को सम्मानित किया गया। यह सम्मान सिर्फ व्यक्तियों का नहीं, बल्कि उन जमीनी पत्रकारों के संघर्ष, साहस और सच्चाई का सम्मान माना जा रहा है जो हर परिस्थिति में समाज की आवाज बनकर खड़े रहते हैं।
समारोह में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेन्द्र मिश्रा एवं संरक्षक डॉ. ए.पी. सिंह ने की। वहीं कारागार मंत्री सुरेश राही और कैबिनेट मंत्री योगेश उपाध्याय सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद सोनभद्र इकाई के पदाधिकारियों को मंच पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में संतोष साहनी, अजीत प्रताप सिंह, अमरदीप सिंह, अरविंद गुप्ता, अरविंद कुशवाहा, दिलीप दत्ता, कुम्धज चौधरी, विकास अग्रहरि, कुमार सौरभ सिंह और मुकेश भारती शामिल रहे।
मंच से वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं बल्कि जिम्मेदारी है। एक पत्रकार समाज की उन आवाजों को उठाता है जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। ऐसे में जमीनी पत्रकारों का सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ तभी मजबूत रहेगा जब पत्रकार सुरक्षित और सम्मानित रहेंगे। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेन्द्र मिश्रा ने पत्रकार सुरक्षा कानून की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि परिषद देशभर के पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
सोनभद्र की टीम को मिले इस सम्मान के बाद जिले के पत्रकारों में खुशी और गर्व का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह सम्मान बताता है कि छोटी जगहों से निकलने वाली सच्ची पत्रकारिता भी अब बड़े मंचों तक अपनी पहचान बना रही है।
आज मंच पर सम्मानित हुए ये चेहरे सिर्फ नाम नहीं थे…
ये वो लोग थे, जिन्होंने कलम को कभी बिकने नहीं दिया।
रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

No Previous Comments found.