“कलम का संकल्प ग्रामीण पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों ने उठाई जनहित की आवाज”

ओबरा/सोनभद्र :  ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तत्वाधान में बुधवार को ओबरा स्थित किड्स केयर इंग्लिश मीडियम स्कूल में ग्रामीण पत्रकारिता दिवस एवं संस्थापक बालेश्वर जी की पुण्यतिथि श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने जनहित और ग्रामीण समस्याओं को केंद्र में रखकर पत्रकारिता को और अधिक मजबूत एवं संवेदनशील बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र नीरव ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण, पारिस्थितिकी, जल, जंगल और जमीन जैसे अहम मुद्दों को पत्रकारिता का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज की पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज और प्रकृति के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। इस दौरान उन्होंने कई प्रेरक संस्मरण साझा कर युवा पत्रकारों को प्रेरित किया। वरिष्ठ पत्रकार संजय यादव ने सोशल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभाव और उसकी भयावहता पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता को जनहित और ग्रामीण समस्याओं से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को गांव, गरीब और आम जनता की मूल समस्याओं को प्राथमिकता देनी चाहिए। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार कमाल अहमद के संबोधन ने सभी को भावुक कर दिया। उन्होंने पत्रकारिता के भावात्मक, संवेदनात्मक, नैतिक और मानवीय पक्षों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारिता का असली उद्देश्य ग्रामीण जनजीवन, रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और लोगों की खुशहाली से जुड़ा होना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे भ्रष्टाचारियों और सामंती मानसिकता के उत्पीड़न से आम लोगों की रक्षा के लिए अपनी कलम को मजबूत हथियार बनाएं। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एसपी तनेजा ने की तथा आभार ज्ञापन भी उन्होंने ही किया। संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक एस.के. गुप्ता ने किया। इस अवसर पर एसपी तनेजा, नरेंद्र नीरव, राकेश सिंह ,कमाल अहमद, संजय यादव, शमशाद आलम, राम प्यारे सिंह, उत्तम सिंह, भोला दुबे सहित क्षेत्र के कई पत्रकार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में पत्रकारों ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत बनाए रखने और ग्रामीण समाज की आवाज को बुलंद करने का संकल्प लिया।


रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.