ओबरा तापीय परियोजना को मिला नया मुख्य महाप्रबंधक

ओबरा : उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (यूपीआरवीयूएनएल) के वरिष्ठ अभियंता एवं मुख्य अभियंता (स्तर-1) इं. दूधनाथ ने ओबरा तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने सेवानिवृत्त हुए मुख्य महाप्रबंधक इं. राजेन्द्र कुमार अग्रवाल का स्थान लिया है। साथ ही उन्हें मुख्य अभियंता, ओबरा ‘बी’ ताप विद्युत गृह का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।

जनपद बस्ती के निवासी इं. दूधनाथ विद्युत उत्पादन क्षेत्र के अनुभवी एवं तकनीकी रूप से दक्ष अभियंता माने जाते हैं। उन्होंने वर्ष 1988 में जी.बी. पंत इंजीनियरिंग कॉलेज से विद्युत अभियंत्रण में स्नातक उपाधि प्राप्त की तथा वर्ष 1989 में उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद में सहायक अभियंता (प्रशिक्षु) के रूप में अपने करियर की शुरुआत की।


करीब 36 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने अनपरा एवं ओबरा तापीय परियोजनाओं में संचालन, अनुरक्षण, उत्पादन प्रबंधन और दक्षता संवर्धन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। मुख्य अभियंता एवं वरिष्ठ प्रशासनिक पदों पर रहते हुए उन्होंने कई उत्पादन इकाइयों का सफल नेतृत्व किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद इं. दूधनाथ ने कहा कि उनकी प्राथमिकता परियोजना की उत्पादन इकाइयों का सुरक्षित, विश्वसनीय एवं आर्थिक संचालन सुनिश्चित करना तथा उत्पादन क्षमता में निरंतर सुधार लाना होगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए परियोजना को नई उपलब्धियों तक पहुंचाने का आह्वान किया। ओबरा तापीय परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यभार ग्रहण करने पर स्वागत करते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।

रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.