ओबरा में जलभराव पर एक्शन,डीएम के निर्देश पर सुबह 7 बजे सड़कों पर उतरे ईओ

सोनभद्र : जनपद सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के सख्त निर्देशों के अनुपालन में नगर पंचायत ओबरा प्रशासन मानसून से पहले जलभराव और सफाई व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सक्रिय दिखाई दिया। मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद उत्पन्न समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए बुधवार सुबह 7 बजे ही अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह स्वयं टीम के साथ नगर के विभिन्न वार्डों में निरीक्षण के लिए निकल पड़े। निरीक्षण के दौरान ईओ ने वार्ड संख्या 1, 3, 5, 10 और 11 का दौरा कर नालियों, बड़े नालों और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। उनके साथ सफाई नायक सत्येंद्र सिंह, शशि गुप्ता, जितेंद्र शुक्ला सहित संबंधित कर्मचारी भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालों में जलभराव और अवरोध की स्थिति पाई गई। जांच में सामने आया कि कुछ स्थानीय पशुपालकों द्वारा नालों में गोबर बहाया जा रहा है, जिससे नाले पूरी तरह जाम हो गए हैं और बारिश का पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा है। इस पर अधिशासी अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है।

ईओ अखिलेश सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी कि नालों को अवरुद्ध करने वालों के खिलाफ नोटिस जारी करने के साथ आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर में जल निकासी व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मौके पर ही सफाई नायकों को फटकार लगाते हुए ईओ ने निर्देश दिया कि सभी नालों की तली झाड़ सफाई तत्काल कराई जाए। विशेष रूप से संकरी गलियों और मकानों के बीच स्थित उन नालियों पर ध्यान देने को कहा गया जहां अक्सर सफाई कार्य प्रभावित रहता है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान किसी भी वार्ड में जलभराव की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए, अन्यथा जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी काशीराम आवास कॉलोनी भी पहुंचे, जहां उन्होंने जल निकासी और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। कॉलोनी में मौजूद समस्याओं को देखते हुए उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय नागरिकों को जलभराव और संक्रामक बीमारियों के खतरे से बचाया जा सके।

अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की मंशा के अनुरूप नगर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मानसून के दौरान आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी सफाई नायकों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.