अल्ट्राटेक के आश्वासन पर टला चेयरमैन का धरना, प्रदूषण रोकने का लिखित समझौता

डाला (सोनभद्र) :  अल्ट्राटेक कंपनी द्वारा नगर क्षेत्र में फैलाए जा रहे प्रदूषण के विरोध में नगर पंचायत अध्यक्षा फुलवंती कुमारी द्वारा 23 जून को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन फिलहाल टल गया है। जिला प्रशासन की पहल पर हुई संयुक्त बैठक में कंपनी अधिकारियों ने नगर में प्रदूषण न फैलाने और नगर पंचायत को सहयोग देने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद अध्यक्षा ने अपना आंदोलन स्थगित करने पर सहमति जताई।

बताया जाता है कि नगर में फैल रही दुर्गंध, प्रदूषण और विस्थापन की समस्याओं को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष फुलवंती कुमारी ने 23 जून को रामलीला मैदान में धरना देने की घोषणा की थी।
इसके संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी सोनभद्र को लिखित सूचना भी दी थी। आंदोलन की घोषणा के बाद जिला प्रशासन और अल्ट्राटेक कंपनी के अधिकारी समाधान निकालने में जुट गए।


धरना से पूर्व रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने नगर पंचायत अध्यक्षा से मुलाकात कर आंदोलन स्थगित करने का अनुरोध किया और आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए समाधान निकाला जाएगा। इस पर अध्यक्षा ने स्पष्ट किया कि यदि अल्ट्राटेक कंपनी लिखित रूप से यह आश्वासन दे कि नगर में प्रदूषण नहीं फैलाया जाएगा, तो वह प्रस्तावित धरना वापस लेने को तैयार हैं।इसके बाद नगर पंचायत कार्यालय में नगर पंचायत अध्यक्षा फुलवंती कुमारी की अध्यक्षता में एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर विधायक भूपेश चौबे, उप जिलाधिकारी विवेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी, अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह तथा अल्ट्राटेक कंपनी के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अल्ट्राटेक कंपनी के अधिकारियों ने लिखित रूप से आश्वासन दिया कि कंपनी द्वारा सभी पर्यावरणीय मानकों और नियमों का पालन किया जाएगा तथा नगर क्षेत्र में प्रदूषण फैलने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही नगर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने में नगर पंचायत को हर संभव सहयोग देने की बात कही गई।जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई इस पहल से फिलहाल आंदोलन टल गया है। नगरवासियों को उम्मीद है कि कंपनी अपने वादों पर अमल करेगी और क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या से राहत मिलेगी।

"जनहित से जुड़े मुद्दों पर कोई समझौता नहीं होगा। कंपनी ने लिखित आश्वासन दिया है, अब उसके पालन पर हमारी नजर रहेगी।" — फुलवंती कुमारी, नगर पंचायत अध्यक्षा डाला।


रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.