10 जुलाई से शुरू होगी स्नातक प्रवेश काउंसिलिंग, मेरिट लिस्ट जारी

सोनभद्र :  राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ओबरा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष की प्रवेश काउंसिलिंग 10 जुलाई से शुरू होगी। महाविद्यालय प्रशासन ने विभिन्न संकायों की मेरिट लिस्ट जारी कर दी है, जिसे अभ्यर्थी महाविद्यालय की वेबसाइट पर देख सकते हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार ने बताया कि 10 जुलाई को बीकॉम प्रथम वर्ष, 11 जुलाई को बीएससी (गणित एवं जीव विज्ञान), 13 जुलाई को बीए (अनारक्षित एवं ईडब्ल्यूएस) तथा 14 जुलाई को बीए (ओबीसी, एससी एवं एसटी) वर्ग के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक महाविद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रवेश के लिए मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मिर्जापुर की समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे काउंसिलिंग से पहले अपना रजिस्ट्रेशन अवश्य पूरा कर लें, अन्यथा प्रवेश प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे। काउंसिलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिका और प्रमाणपत्र, स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी), चरित्र प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की प्रति, विश्वविद्यालय पंजीकरण रसीद, प्रवेश आवेदन पत्र की दो प्रतियां तथा आवश्यक मूल एवं स्वप्रमाणित दस्तावेज साथ लाने होंगे। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नवीनतम जाति प्रमाणपत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र एवं अन्य अधिभार संबंधी प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करने होंगे। यदि अध्ययन में एक या दो वर्ष का अंतराल है तो ₹10 के स्टाम्प पेपर पर नोटरी द्वारा प्रमाणित शपथ पत्र भी अनिवार्य होगा। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर काउंसिलिंग कराने की अपील की है। प्रवेश एवं काउंसिलिंग से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी प्रवेश समन्वयक एवं परीक्षा प्रभारी प्रो. उपेंद्र कुमार से संपर्क कर सकते हैं।


रिपोर्टर : कुम्धन चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.