"सोनभद्र की सांसों का सौदा नहीं होने देंगे, जल-जंगल-जमीन बचाने को ग्रामीणों का प्रदर्शन"
नगवा (सोनभद्र) : नगवा ब्लॉक की रायपुर ग्राम पंचायत में 'पेड़ है तो प्राण है' अभियान के तहत ग्रामीणों के बीच फलदार पौधों का वितरण किया गया। इस दौरान किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा को लेकर प्रदर्शन किया। सभा को संबोधित करते हुए संदीप मिश्रा ने आरोप लगाया कि सरकार औद्योगिक परियोजनाओं के नाम पर सोनभद्र के जंगलों और पर्यावरण से समझौता करना चाहती है। उन्होंने कहा कि यदि विकास करना ही है तो ऐसी जगह परियोजनाएं स्थापित की जाएं, जहां किसी परिवार का विस्थापन न हो और पेड़ों की कटाई न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि जल-जंगल-जमीन और आदिवासियों के अधिकारों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होने दिया जाएगा तथा जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा। कार्यक्रम में निलेश सिंह राजपूत ने कहा कि जंगलों की रक्षा के लिए ग्रामीण अंतिम दम तक संघर्ष करेंगे। वहीं ग्रामीण बबलू पटेल ने किसानों को खाद उपलब्ध न होने और सरकारी व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसान लगातार परेशान हैं। इस अवसर पर विजयमल खरवार, दहीकुंडल प्रजापति, बाबूलाल मौर्य, विजय पटेल, दिनेश मौर्य, शत्रुधन बिंद, आकाश चौहान, दिनेश चेरो, सुरेश मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद
रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी
No Previous Comments found.